भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण दिवस पर रोडोपाली में बिखेरी हरियाली
तमनार/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी रोडोपाली मंडल की कामकाजी बैठक विश्व पर्यावरण दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देवगढ़ में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा,आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंडल प्रभारी अशोक अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक अग्रवाल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत अब विश्व पटल पर एक मजबूत और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा आम जनता को इन योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें।
मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। पीएम नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से भागीदारी निभानी होगी। बैठक में रोडोपाली मंडल के कामकाज की समीक्षा करते हुए संगठन विस्तार, शक्ति केंद्रों की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
वहीं, पर्यावरण दिवस पर देवगढ़ स्थित स्कूल परिसर में कार्यकर्ताओं ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।







