रायगढ़ (सृजन न्यूज)। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली में आज यूथ रेडक्रॉस ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रेडक्रॉस की गतिविधियों, उसके मूल सिद्धांतों व समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मुकेश शर्मा (चेयरमैन, रेडक्रॉस), डॉ. दिनेश पटेल (सिविल सर्जन एवं जिला अस्पताल अधीक्षक) तथा डॉ. सुषमा पटेल (असिस्टेंट प्रोफेसर, बॉटनी व यूथ रेडक्रॉस प्रभारी, केजी कॉलेज, रायगढ़) उपस्थित रहे।
ओरिएंटेशन सत्र में अतिथियों ने विद्यार्थियों को रेडक्रॉस के इतिहास, उद्देश्यों एवं मानव सेवा के क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने रक्तदान, प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ताओं ने अपने विचारों के जरिए विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अहम क्षमता रखती है। सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता जैसे गुणों को अपनाकर विद्यार्थी एक जिम्मेदार नागरिक के साथ समाज के लिए उपयोगी भूमिका निभा सकते हैं।
महाविद्यालय के अध्यक्ष गौतम चौधरी और निदेशक संजय चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में रेडक्रॉस प्रभारी सीएस पटेल तथा सहायक हेमंत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य सहायक प्राध्यापकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही रेडक्रॉस वॉलेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुड़कर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








