पंडरीपानी पश्चिम में 21 से 27 नवंबर तक लगेगा एनएसएस कैम्प

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से संबद्ध उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गत 21 से 27 नवंबर तक समीपस्थ ग्राम पंडरीपानी में 7 दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। शिविर की मुख्य थीम “नशा एवं टीबी मुक्त युवा” रखी गई है। इसके अंतर्गत स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सहभागिता एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सावित्री साहू के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिलोचन साहू (सरपंच प्रतिनिधि), महेश उरांव (ग्राम पंचायत सचिव), तनुलाल राठिया (अध्यक्ष, प्राथमिक शाला), राधेश्याम साहू (अध्यक्ष, माध्यमिक शाला), हरीश राठिया, खीराध्वी साहू सहित समिति के सदस्य उपेंद्र साहू, दीनदयाल साहू, राकेश साहू उपस्थित रहे।
यह सात दिवसीय विशेष शिविर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र चौबे एवं जिला संगठक रायगढ़ के जिला संगठक संतोष कुमार नायक के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन महाविद्यालय के चेयरमैन गौतम चौधरी, डायरेक्टर संजय चौधरी एवं प्राचार्य डॉ. गोमती सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी सौदागर चौहान द्वारा किया जा रहा है। इसमें बसंती पटेल का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं जनसेवा की भावना विकसित करने के साथ ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, टीबी की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावे स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।








