गुलमोहर कॉलोनी, भोले नगर और खेतपारा में बारिश के पानी की निकासी होगी सुगम, कमिश्नर क्षत्रिय के निर्देश पर तकनीकी टीम ने किया स्थल निरीक्षण
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने निगम प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के वार्ड क्रमांक 21 गुलमोहर कॉलोनी एवं बेलादुला क्षेत्र में लगभग 93 लाख रुपये की लागत से दो बड़े नाला निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों से बारिश के दौरान जलभराव से प्रभावित होने वाले भोले नगर, खेतपारा एवं गुलमोहर कॉलोनी के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित एवं सुगम हो सकेगी।
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर आज कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया एवं उप अभियंता की तकनीकी टीम ने वार्ड क्रमांक 21 का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद श्री अजय मिश्रा भी उपस्थित रहे। टीम ने नाला निर्माण के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी पहलुओं की जांच की। प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत अतुल देवांगन के घर से डॉक्टर साहू के घर तक लगभग 50 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। वहीं खेतपारा से गुलमोहर कॉलोनी तक लगभग 43 लाख रुपये की लागत से दूसरे नाले का निर्माण प्रस्तावित है। इस प्रकार दोनों कार्यों पर लगभग 93 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम ने संबंधित ठेकेदार से निर्माण कार्य की ड्राइंग, डिजाइन एवं लेआउट पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्थल की परिस्थितियों और पानी के प्राकृतिक बहाव को ध्यान में रखते हुए निर्माण की तकनीकी रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने ठेकेदार को आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप अभियंता सुरेश सिंह, दिलीप उरांव सहित तकनीकी टीम उपस्थित थे।
जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हमारी प्राथमिकता : कमिश्नर क्षत्रिय
कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर के जिन क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। वार्ड क्रमांक 21 में प्रस्तावित दोनों नाला निर्माण कार्य पूरे होने से भोले नगर, खेतपारा, गुलमोहर कॉलोनी के नागरिकों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी। इन दोनों नाला निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से वार्ड क्रमांक 21 की जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी।








