नारेबाजी कर कांग्रेसियों ने पिछले वर्ष के लंबित आवेदनों के पावती की होली भी जलाई
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भाजपा साय सरकार द्वारा चलाये जा रहे सुशासन तिहार शिविर की खिलाफत में कांग्रेस उतर आई है। इस तारतम्य में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में विनोबा नगर बोईरदादर सामुदायिक भवन में चल रहे सुशासन तिहार शिविर का स्लोगन लिखे तख्ती लेकर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि विरोध प्रदर्शन करने की खास वजह यह है कि पिछले साल भी विष्णुदेव साय सरकार द्वारा सुशासन तिहार शिविर के माध्यम से जनसमस्याओं का आवेदन लिया गया था। इसमें अनेक आवेदनकर्ताओं ने पात्रता अनुसार बीपीएल कार्ड बनवाने, सामाजिक सुरक्षा, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, निराश्रित पेंशन व अन्य जनसमस्याओं का आवेदन प्रस्तुत किया था। इसकी पावती भी दी गई थी, परन्तु बहुत समय बीत जाने पर भी उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर उन्होंने दफ्तरों के माध्यम से पता करने का प्रयास किया गया तो उन्हें यह कहकर झूठा आश्वासन दिया गया कि आपके आवेदन के अनुरूप प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही आपके समस्या का निपटारा हो जायेगा।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि दुर्भाग्यवश एक वर्ष बीतने के बाद भी उनके आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और फिर सुशासन तिहार शिविर प्रारंभ हो गई। इससे तो सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। सुशासन तिहार महज एक ढकोसला साबित हो रही है। विष्णुदेव साय सरकार छत्तीसगढ में सुशासन का राग अलाप रही है। यदि छग में सुशासन है तो सुशासन तिहार के नाम पर शिविर लगाने की क्यों जरूरत पड़ रही है। सुशासन सिर्फ जुमला है। छग में प्रतिदिन चोरी, लूट, डकैती, चाकूबाजी, दुष्कर्म के अनेक वारदात हो रहे हैं। कानून व्यवस्था सरकार से अनियंत्रित हो गई है। जनता में असामाजिक तत्वों का भय व्याप्त है, क्या यही सुशासन है। भीषण गर्मी में सुशासन तिहार का ढोंग कर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है।
विनोबा नगर बोईरदादर सामुदायिक भवन में चल रहे सुशासन तिहार शिविर में कांग्रेस समर्थकों ने स्लोगन लिखे तख्ती लेकर सुशासन तिहार विरोध के नारे लगाये। यही नहीं, पिछले वर्ष के लंबित आवेदनों के पावती की होली जलाई गई और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शिविर स्थल में तहसीलदार को सुशासन तिहार शिविर का विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।








