सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण और महारुद्राभिषेक से रायगढ़ में होगा भक्ति और आस्था का दिव्य संगम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से समिति ने की सौजन्य मुलाकात
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ की पावन धरती पर भक्ति और आस्था का दिव्य संगम होने जा रहा है। 4 से 10 दिसंबर तक रायगढ़ के रामलीला मैदान में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महारुद्राभिषेक का भव्य आयोजन होगा। यह आयोजन भगवान भोलेनाथ की आराधना और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक बनेगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर शुक्रवार को रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
सात दिनों तक चलेगा महाअनुष्ठान
समिति के अनुसार 4 दिसंबर से शुरू होने वाला यह महाअनुष्ठान 10 दिसंबर तक चलेगा। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर महारुद्राभिषेक में भाग लेंगे। इस दौरान प्रतिदिन रुद्राभिषेक, शिव महापुराण कथा, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन एवं महाप्रसाद का वितरण होगा। विशेष रूप से सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण का संकल्प इस आयोजन को प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक बनाएगा।
रायगढ़ की धरती है संस्कृति, संगीत और आस्था की
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की धरती संस्कृति, संगीत और आस्था की धरती है। सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक का आयोजन रायगढ़ के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस महाअनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए आशीर्वाद लिया।








