रायपुर (सृजन न्यूज)। लायंस इंटरनेशनल द्वारा देश के चुनिंदा लायन नेताओं के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), कोझिकोड (केरल) में आयोजित किए जाने वाले प्रतिष्ठित नेतृत्व विकास कार्यक्रम ‘कोचिंग कन्वर्सेशन्स’ हेतु छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लायन नेता पीएमजेएफ लायन शैलेष अग्रवाल का चयन किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनकी सशक्त नेतृत्व क्षमता और संगठन में उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण है, बल्कि नेतृत्व विकास के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
यह दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 एवं 24 नवंबर को आईआईएम कोझिकोड, केरल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है, जो स्वयं की उपलब्धियों तक सीमित न रहकर दूसरों को प्रेरित करने, उनका मार्गदर्शन करने तथा संगठन में प्रभावी नेतृत्व संस्कृति विकसित करने की क्षमता रखते हों। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यक्तिगत कोचिंग सत्रों, समूह चर्चाओं, आत्मविश्लेषण तथा व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व की आधुनिक अवधारणाओं एवं प्रभावी कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका प्रमुख उद्देश्य “अचीवर माइंड सेट” से आगे बढ़कर “लीडरशिप माइंड सेट” विकसित करना है, जिसमें किसी नेतृत्वकर्ता की सफलता का मूल्यांकन केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके मार्गदर्शन में विकसित होने वाले नए नेतृत्वकर्ताओं और उनकी सफलताओं से भी किया जाता है।
उल्लेखनीय है कि पीएमजेएफ लायन शैलेष अग्रवाल वर्ष 2023-24 में लायंस डिस्ट्रिक्ट 3233-सी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सदस्यता वृद्धि, नए क्लबों की स्थापना, नेतृत्व प्रशिक्षण तथा सेवा गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2021-22 में स्पेशियलिटी क्लब कोऑर्डिनेटर के रूप में उनके नेतृत्व में 18 स्पेशियलिटी क्लबों का गठन एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2023 में बोस्टन (अमेरिका) में आयोजित लायंस इंटरनेशनल कन्वेंशन में उन्होंने स्पेशियलिटी क्लबों के विषय पर अंतरराष्ट्रीय मंच से प्रभावशाली प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया था। वे लायंस सर्टिफाइड इंस्ट्रक्टर प्रोग्राम (एलसीआईपी) से प्रमाणित प्रशिक्षक भी हैं।
पिछले दो दशकों से अधिक समय से लायंस इंटरनेशनल से जुड़े शैलेष अग्रवाल संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए समाजसेवा के अनेक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित नेतृत्व विकास कार्यक्रम के लिए उनका चयन न केवल उनके व्यक्तिगत नेतृत्व-सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह छग के लायंस संगठन और रायगढ़ शहर के लिए भी गौरव एवं सम्मान का विषय है।








