घरेलू विवाद में बच्चे को लेकर बीवी गई मायके तो पेंटर ने कर ली खुदकुशी

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शराब के नशे में फांसी लगाने की धमकी देने वाले पेंटर ने सचमुच फंदे ओर झूलकर अपनी जान गंवा दी। शहर के जूटमिल क्षेत्र में घरेलू कलह होने पर बीवी जब बच्चे को लेकर मायके गई तो शराब के नशे में डूबे पेंटर ने असमय खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के जूटमिल थानांतर्गत कयाघाट में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला संजय प्रकाश टंडन पिता अनिल टंडन (32 वर्ष) पेंटिंग का काम करता था। सारंगढ़ के कोसीर की सरिता से तकरीबन 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी और दोनों के 2 बच्चे हैं। संजय शराब पीने का आदी था। 10 रोज पहले आपसी बात को लेकर संजय का सरिता से जमकर विवाद हुआ तो गुस्साई बीवी अपने 1 बच्चे को लेकर मायके चली गई। पत्नी और बच्चे के ससुराल जाने से खिन्न संजय मदहोश रहने लगा था। बीते 26 जुलाई की शाम संजय मुर्गा और शराब लेकर घर पहुंचा। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे सोने चला गया। रात लगभग 9 बजे संजय के भाई संजीव प्रकाश ने देखा कि कमरे के एस्बेस्टस में लगे लोहे की पाइप में चुनरी से बंधे फांसी के फंदे पर वह झूल रहा था। बदहवास संजीव ने फांसी पर लटक रहे संजय को नीचे उतारते हुए आसपास के लोगों की मदद से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा तो डॉक्टर्स ने प्रारंभिक परीक्षण में ही उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे में कहता था लगाऊंगा फांसी
संजीव प्रकाश टंडन ने सृजन न्यूज को बताया कि नशे के चक्कर मे उसके भाई ने अपना जीवन खो दिया। शराब पीने के बाद संजय अक्सर कहता था कि वह फांसी लगाकर मर जायेगा, मगर परिजन उसकी बात को अनसुना कर देते थे। अगर संजय की पत्नी मायके नहीं जाती तो आज वह जिंदा रहता।







