रायगढ़ (सृजन न्यूज)। आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय से लगे ग्राम गढ़उमरिया स्थित रुंगटा स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्रस्तावित विस्तार हेतु आयोजित की जा रही जनसुनवाई का कड़ा विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि यह उद्योग रायगढ़ शहर के अत्यंत निकट स्थित है और इसके विस्तार से शहर की पर्यावरणीय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाएगी।
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गोपाल बापोड़िया ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि रायगढ़ पहले से ही औद्योगिक प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। शहर की हवा में बढ़ता धूल-कण, धुआं और औद्योगिक उत्सर्जन लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। ऐसे में शहर के समीप एक और बड़े औद्योगिक विस्तार की अनुमति देना नागरिकों के स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन के अधिकार के विपरीत होगा। उद्योग के विस्तार से भारी वाहनों की आवाजाही में अत्यधिक वृद्धि होगी, जिससे शहर और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ेगा, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ेगी तथा आम नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
यही नहीं, आम आदमी पार्टी ने प्रशासन एवं पर्यावरण विभाग से मांग की है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित जनसुनवाई को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही रायगढ़ शहर की पर्यावरणीय वहन क्षमता, वायु गुणवत्ता, जल संसाधनों एवं यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव का स्वतंत्र और वैज्ञानिक अध्ययन कराए बिना किसी भी प्रकार की पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान न की जाए। वहीं, आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह रायगढ़ के नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। यदि जनभावनाओं की अनदेखी कर उद्योग विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, तो पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।







