8.30 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन, न्यू शनि मंदिर तक 2 किलोमीटर मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण, पाथवे और प्रकाश व्यवस्था से होगा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण खर्राघाट को नया स्वरूप देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। खर्रा घाट में करीब 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन निर्माण तथा खर्राघाट से न्यू शनि मंदिर तक 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं पाथवे निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन दोनों परियोजनाओं के लिए एनटीपीसी के सीएसआर मद से 26 करोड़ 39 लाख रुपये का अनुबंध किया गया है। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद खर्रा घाट और मरीन ड्राइव क्षेत्र शहरवासियों के लिए बेहतर हरित, मनोरंजक एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
सेवा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, सतत प्रक्रिया है
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सेवा मेरा योगदान की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को शहर के विकास और स्वच्छता से जुड़ना चाहिए। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत खर्रा घाट में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है, लेकिन स्वच्छता केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है। इसे सतत प्रक्रिया के रूप में अपनाने की आवश्यकता है। केलो नदी रायगढ़ अंचल की जीवनदायिनी है। इसके घाटों की स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। लगभग 3 माह पूर्व खर्रा घाट के विकास की योजना पर कार्य शुरू किया गया था। इसी क्रम में अब यहां 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन और खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक मरीन ड्राइव को विकसित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है।
प्रकाश, ड्रेनेज और पाथवे से सुसज्जित होगा मरीन ड्राइव
खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे नदी किनारे का क्षेत्र अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनेगा तथा शहरवासियों को घूमने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। प्रकाश व्यवस्था के कारण रात में भी यह क्षेत्र रोशन और आकर्षक नजर आएगा।
रायगढ़ में लगातार बढ़ रहे ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्र
श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन एवं हरित क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। सिंदूर पार्क में ऑक्सीजोन का आनंद शहर वासी ले रहे हैं। इसीतरह दूध डेयरी, किसान राइस मिल, पहाड़ मंदिर, नगरवन उर्दना, कोसाबाड़ी, उपलब्ध रिक्त भूमि सहित खर्रा घाट में ऑक्सीजोन विकसित करने की दिशा में कार्य हो रहा है। वर्तमान में करीब 8 ऑक्सीजोन के निर्माण की दिशा में कार्य चल रहा है और आने वाले समय में इनकी संख्या 10 से अधिक करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इन क्षेत्रों को बड़े गार्डन एवं हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
नालंदा परिसर से स्टेडियम तक विकास कार्यों को गति
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, पुलिया, फोरलेन सड़क, सामुदायिक भवन, शहर की विभिन्न सड़कों के निर्माण सहित अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। मिनी स्टेडियम एवं रायगढ़ स्टेडियम के उन्नयन से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बजट एवं पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप रायगढ़ में शासकीय संगीत महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में रायगढ़ में सभी वर्गों और युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सेवा ही संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील
श्री चौधरी ने कहा कि स्वच्छता और विकास में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज खर्रा घाट में श्रमदान से स्वच्छता का कार्य किया गया है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए शहरवासियों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण में सहयोग करना चाहिए।








