चक्रधर समारोह में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज

by SUNIL NAMDEO
0 comments

मोती महल परिसर में 3 दिवसीय आयोजन, 21 सितम्बर को होगा प्रतियोगिता का समापन, 25 महिला-पुरुष टीमों ने लिया हिस्सा

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41 वें चक्रधर समारोह के अंतर्गत मोती महल परिसर रायगढ़ में 19 से 21 सितम्बर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। स्पर्धा में जिले की कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल हैं।
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। पहले दिन पुरुष वर्ग में सारंगढ़ जनपद और जिंदल रायगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जबकि महिला वर्ग में पुसौर और खरसिया की टीमों के बीच कबड्डी का रोमांचक मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मैदान में उतरे।

rl
previous arrow
next arrow

कबड्डी और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े पारंपरिक खेल : देवेंद्र प्रताप सिंह

balaji
previous arrow
next arrow

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कबड्डी और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े पारंपरिक खेल हैं। रायगढ़ की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह के माध्यम से इन खेलों को व्यापक मंच मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से खेलों को केवल मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि करियर के अवसर के रूप में भी देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के जीवन में स्क्रीन टाइम बढ़ रहा है। मैदान से जुड़ाव बढ़ाकर मोबाइल और स्क्रीन टाइम को कम किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं के साथ उनके माता-पिता को भी मैदान से जुड़ने, वॉक, योग और हल्के व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

खेल टीम भावना और अनुशासन सिखाता है : जीवर्धन चौहान

नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि कबड्डी का खेल हमें मुश्किल परिस्थितियों में भी शांत रहकर सही निर्णय लेना सिखाता है। यह टीम भावना, अनुशासन और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की बात कही।

खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें : डिग्रीलाल साहू

नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैदान पर हार या जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ी का जोश, प्रयास और खेल भावना है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी, अनुशासन और सकारात्मक भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

ये टीमें ले रही हैं हिस्सा

पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबडडी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार जनपद, बरमकेला जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, लैलूंगा जनपद, पुसौर जनपद, घरघोड़ा जनपद, रायगढ़ जनपद, सारंगढ़ जनपद, राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन तथा पुलिस विभाग की टीमें शामिल हैं। महिला वर्ग में अदानी फाउंडेशन, रायगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर जनपद, खरसिया जनपद, लैलूंगा जनपद, तमनार जनपद, घरघोड़ा जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, जिंदल फाण्डेशन तमनार तथा नगर निगम रायगढ़ की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का समापन 21 सितम्बर को होगा।

Related Posts