उत्तम मेमोरियल कॉलेज के साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम में विद्यार्थी हुए जागरूक

by SUNIL NAMDEO
0 comments

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। उत्तम मेमोरियल कॉलेज में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जूटमिल थाना की साइबर सेल टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

rl
previous arrow
next arrow

  कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने का आव्हान किया गया। विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उत्तम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन गौतम चौधरी, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गोमती सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, महिला प्रधान आरक्षक समुंदासकर, आरक्षक तरुण महिलाने एवं आरक्षक सुशील यादव उपस्थित रहे। साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

balaji
previous arrow
next arrow

                   अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी बैंक कॉल, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, OTP एवं PIN की जानकारी मांगने, संदिग्ध लिंक भेजने, सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित धोखाधड़ी, ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी नौकरी एवं इनाम के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं। साइबर सेल की टीम ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया कि OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान नंबर से आने वाले संदिग्ध कॉल, मैसेज एवं ई-मेल तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए भी प्रेरित किया गया।

                             अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तत्काल संपर्क करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को QR कोड भी उपलब्ध कराया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज की। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा साइबर सेल के अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के संबंध में प्रश्न भी किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें सतर्क एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से जूटमिल थाना की साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने में मदद करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करना, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित करना रहा।

Related Posts