छात्राओं और शिक्षकों ने घरघोड़ा में जन-जन तक पहुंचाया देशभक्ति का संदेश

घरघोड़ा/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। “वंदे मातरम” रचना की 150वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घरघोड़ा द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय में आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान छात्राओं द्वारा “वंदे मातरम”, “भारत माता की जय”;घर घर तिरंगा , हर घर तिरंगा” “एवं अन्य देशभक्ति नारों का उद्घोष किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य हरीश चंद्र बेहरा ने अपने संबोधन में “वंदे मातरम” गीत के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को देशप्रेम एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह गीत हमारी राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है और हमें अपने देश के प्रति समर्पण की भावना को सदैव जागृत रखना चाहिए। इस अवसर पर शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।







