शराब की लत के शिकार युवक की खुदकुशी से बीवी और 3 मासूम बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नशे ने फिर एक हंसते खेलते घर की खुशियों को निगल लिया। शराब पीने के बाद एक पेंटर को जुआ खेलने का ऐसा फितूर सवार हुआ कि बीवी ने जब पैसे देने से इंकार किया तो कलह मचाने के बाद उसने कमरे के सीलिंग फैन में चुनरी से फांसी लगाते हुए अपनी जान गंवा दी। यह दुखद वाक्या शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र का है। पेंटर की खुदकुशी के बाद उसकी गरीब पत्नी और 3 मासूम बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
जिला मुख्यालय से लगे ग्राम गढ़उमरिया के पुसौर रोड में बिजली ऑफिस के पास बीते शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां किराए के मकान में रहने वाले अशोक बघेल पिता बुधारू बघेल (35 वर्ष) की लाश उसके कमरे के सीलिंग पंखे में बंधे चुनरी से फंदे पर झूलती पाई गई। मृतक की बीवी ने बताया कि उसका पति अशोक पुताई वगैरह का काम करते हुए 3 मासूम बेटियों की परवरिश करता था। गत शनिवार रात शराब पीकर घर पहुंचे अशोक ने जुआ खेलने के लिए पैसे की मांग की। पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो नशे की झोंक में उसने आव देखा न ताव और घरेलू कलह करते हुए कमरे में दाखिल हो गया।
वहीं, अशोक की बीवी कुछ समझ पाती, इसके पहले उसने कमरे में फांसी लगाते हुए दुनिया को असमय अलविदा कह दिया। अपने सुहाग को फांसी पर लटकते देख बदहवास महिला ने आसपड़ोस के लोगों को बुलाकर मामले की जानकारी दी और पुलिस जब अशोक को जिला चिकित्सालय लेकर गई तो डॉक्टर्स ने प्राथमिक परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया। बहरहाल, मर्च्यूरी रूम में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के साथ जूटमिल पुलिस मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल में जुटी है।







