ट्रक की बेलगाम रफ्तार ने ली थी बछिया की जान, पशुप्रेमियों ने दिखाई सहृदयता

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। बेलगाम रफ्तार से सड़क और दौड़ रहे भारी वाहन ने एक गौवंश को इस कदर अपनी गिरफ्त में लिया कि अधमरी बछिया ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। निरीह जानवर को मौत के आगोश में समाते देख जब निर्दयी चालक नौ दो ग्यारह हुआ तो महालक्ष्मी कास्टिंग परिवार ने रोड में लावारिस पड़े जानवर के शव का अंतिम संस्कार करते हुए जिस तरह अपना फर्ज निभाया, वह सराहनीय है।
दरअसल, जिला मुख्यालय रायगढ़ से तकरीबन 13 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत लाखा के चिरईपानी के पास आज सुबह विचरण कर रही एक बछिया को अज्ञात ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। भारी वाहन की टक्कर लगते ही बछिया बुरी तरह जख्मी होकर छटपटाने लगी। फिर क्या, गौवंश को मौत की दहलीज पर तड़पते देख आरोपी ट्रक चालक मौके की नजाकत को भांप गाड़ी की रफ्तार बढ़कर चंपत हो गया। वहीं, अधमरी बछिया को लोग बचा पाते, इसके पहले घटना स्थल पर ही उसके प्राण पखेरू उड़ गए और उसका मृतदेह सड़क में ही पड़ा रहा।
वहीं, जब इसकी सूचना महालक्ष्मी कास्टिंग के इंचार्ज शिवम तिवारी को हुई तो उन्होंने जीवप्रेमी होने का परिचय देते हुए अपने कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा। यही नहीं, शिवम ने कंपनी की जेसीबी से गौवंश के शव को उठवाते हुए गड्ढा करवाया तो महालक्ष्मी कास्टिंग कंपनी के सुपरवाइजर सौरभ तिवारी, ट्रैक्टर चालक राम और ऑपरेटर अनिल पांडेय ने पूरे सम्मान के साथ गोवंश को दफनाते हुए अपना कर्त्तव्य निभाया। बहरहाल, इस नेक कार्य के लिए महालक्ष्मी कास्टिंग परिवार की सराहना जरूर हो रही है।







