थाईलैंड में लहराया तिरंगा : रायगढ़ के ऋषि सिंह ने रचा इतिहास

by SUNIL NAMDEO
0 comments

9वें हीरोज़ कप अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण और कांस्य पदक जीते

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषि सिंह ने थाईलैंड के पटाया शहर में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित 9वें हीरोज़ कप इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे रायगढ़, छत्तीसगढ़ और देश में गर्व का माहौल है।

rl
previous arrow
next arrow

ऋषि सिंह ने स्वर्ण पदक की राह में दुनिया के कई मजबूत खिलाड़ियों को एक-एक कर मात दी। अपने पहले मुकाबले में उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाड़ी को हराया। दूसरे मुकाबले में श्रीलंका के खिलाड़ी को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में मेजबान थाईलैंड के खिलाड़ी को हराकर शानदार जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में ऋषि सिंह ने चीन के खिलाड़ी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका मुकाबला रूस के खिलाड़ी से हुआ। ऋषि ने पूरे आत्मविश्वास और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए रूस के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराया।

balaji
previous arrow
next arrow

इतना ही नहीं, ऋषि सिंह ने प्रतियोगिता की एक अन्य स्पर्धा में कांस्य पदक भी जीतकर कुल दो अंतरराष्ट्रीय पदक (स्वर्ण एवं कांस्य) अपने नाम किए। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की बड़ी सफलता है, बल्कि रायगढ़ के खेल इतिहास का भी एक गौरवपूर्ण अध्याय है। ऋषि सिंह की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और निरंतर अभ्यास से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का परचम लहराया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

रायगढ़ का यह सपूत आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की शान बनकर उभरा है और उनकी यह ऐतिहासिक सफलता आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Posts