दसवीं की मेरिट सूची में अहसान ने बनाया 8वां स्थान
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। मेहनत और लगन जब मिल जाए तो सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित होते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है घरघोड़ा के होनहार छात्र अहसान अली ने। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की परीक्षा में अहसान अली ने 600 में से 587 अंक लाकर 97.80% प्राप्त कर पूरे प्रदेश की टॉप-10 सूची में 8वां स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जहाँ पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है, वहीं मुस्लिम समाज की संस्था सीरतुन्नबी कमेटी ने इस प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल घरघोड़ा के छात्र अहसान अली सुपुत्र अहमद गुरुजी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कमेटी ने उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में छात्र के साथ प्राचार्य संजय कुमार पंडा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष हाजी शेख मुबस्सिर हुसैन ने अहसन को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। अहसान की यह सफलता केवल उनके परिवार या स्कूल की नहीं, बल्कि पूरे जिले और समाज की जीत है। हम चाहते हैं कि हमारे क्षेत्र के बच्चे इसी तरह शिक्षा के जरिए देश और दुनिया में अपना नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष सहित हाजी गुलाम रसूल साबरी, हाजी शेख कलीमुल्लाह वारसी, शेख अतहर हुसैन, हसन अली मनिहार, शब्बीर अहमद, अल्ताफ लुलानिया, मोहम्मद कमरुद्दीन, मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद इम्तियाज, बरकत साबरी सहित शिक्षाविद और अन्य लोग भी मौजूद रहे।








