मापदंड पर खरा उतरने पर निगम प्रशासन को जारी हुआ आईएसओ प्रमाण पत्र, रंग लाई आयुक्त की मेहनत
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नगर निगम रायगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि शहर के 25 एमएलडी एवं 7 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को अंतरराष्ट्रीय स्तर का ISO 9001:2015 (क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम) प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही रायगढ़ नगर निगम के दोनों एसटीपी के नाम प्रदेश का पहला आईएसओ प्रमाणीकरण का ताज सज गया है। यह उपलब्धि निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के कुशल मार्गदर्शन, सतत निगरानी एवं टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
निगम द्वारा संचालित दोनों एसटीपी से जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्रणाली, जिसमें संग्रहण, उपचार (ट्रीटमेंट) व सुरक्षित निस्तारण की समस्त प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरी हैं। टीवी टावर क्षेत्र बड़े अतरमुड़ा स्थित 7 एमएलडी एसटीपी तथा बांझीनपाली स्थित 25 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को यह प्रमाणन प्रदान किया गया है।
आईएसओ प्रमाणन की महत्ता
आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन किसी भी संस्था की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और दक्षता का प्रतीक है। यह प्रमाणन सेवाओं का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप होना, जल एवं अपशिष्ट जल उपचार की प्रक्रिया को सुरक्षित और प्रभावी बनाना , पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पालन करना एवं नागरिकों को बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध करने संबंधित पहलुओं पर खरा उतरने पर मिलता है।
आयुक्त क्षत्रिय की पहल और सतत प्रयास
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए एसटीपी संचालन में गुणवत्ता सुधार, नियमित मॉनिटरिंग एवं तकनीकी उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया गया। उनके निर्देशन में टीम ने निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए लगातार कार्य किया। नतीजतन यह अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन हासिल करने वाला प्रदेश का पहला आईएसओ प्रमाणित एसटीपी बना।
शहर के लिए बड़ा लाभ
इस उपलब्धि से रायगढ़ शहर में स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी तथा जल प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह उपलब्धि अन्य शहरी निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने सभी संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों एवं कर्मचारियों के टीम भावनाओं के साथ किए गए सतत कार्य को इस सफलता का श्रेय दिया है। उन्होंने भविष्य में भी इसकी गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने तथा कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है।





