ड्यूटी से गायब रहना रोशन सोना को पड़ा महंगा, आयुक्त ने किया निलंबित

by SUNIL NAMDEO
0 comments

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज सुबह नगर निगम के वाहन विभाग एवं कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं स्वच्छता कमांडो सहित वाहन विभाग के ड्राइवर, खलासी एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की। इसी तरह लगातार अनुपस्थिति कार्यालय व्यवस्था प्रभावित पाए जाने पर रोशन सोना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम कार्यालय की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव करने का निर्णय लिया। उन्होंने कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में यह सामने आया कि नगर निगम के विभिन्न विभाग अलग-अलग स्थानों पर संचालित होने के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए आयुक्त ने टेक्निकल विभाग से जुड़े सभी कार्यों को एक ही छत के नीचे नए पानी टंकी के नीचे कार्यालय बनाकर संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि कार्यालय का नया स्वरूप ऐसा विकसित होना चाहिए, जहां आमजन को सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से प्राप्त हों और उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता एवं सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

balaj
previous arrow
next arrow

Related Posts