पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने की सहभागिता, क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर हुई चर्चा

नई दिल्ली/पत्थलगांव (सृजन न्यूज)। नई दिल्ली स्थित विस्तार भवन में संसदीय संकुल विकास परियोजना के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्थलगांव विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने सहभागिता की।
बैठक में संसदीय संकुल विकास परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर समन्वय तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं, जनहित से जुड़े विषयों तथा संसदीय संकुल के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं गति प्रदान करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विभिन्न विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
विधायक गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। संसदीय संकुल विकास परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के समग्र एवं सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
बैठक में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, संसदीय संकुल विकास परियोजना के समन्वयक प्रसाद इंडप सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।







