रायगढ़ (सृजन न्यूज)। कानून के क्षेत्र में कार्य करने वाले अधिवक्ताओं, न्यायिक अभ्यर्थियों, पुलिस अधिकारियों, कानून के विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए उपयोगी महत्वपूर्ण पुस्तक लेखक शुखदेव मिश्रा द्वारा लिखित विधिक प्रतिबिम्ब का आज विमोचन पीक्स वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने किया। पुस्तक में विभिन्न आपराधिक, सामाजिक, राजस्व एवं अन्य विधिक विषयों को सरल एवं व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में महिलाओं के प्रति अपराध, दुष्कर्म, गैंग रेप, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज कृत्य, महिला अपहरण, गर्भपात, पुनर्विवाह, विवाह-विच्छेद, भरण-पोषण अधिनियम, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, सती प्रथा उन्मूलन, एसिड हमला तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। वहीं, पुस्तक में आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम, संपत्ति का वैध अंतरण, राजस्व न्यायालय से संबंधित प्रमुख धाराएं, चकबंदी, आबादी भूमि, बेजाकब्जा, कृषि एवं वन संबंधी कानून, मानसिक एवं शारीरिक रोग के उपचार संबंधी नियम, शांति भंग से संबंधित धाराएं, वाहन संबंधी कानून, साइबर एवं बैंकिंग फ्रॉड, लोक अदालत एवं मध्यस्थता जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है। विमोचन के अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं एवं कानून से जुड़े लोगों ने पुस्तक को व्यावहारिक दृष्टि से उपयोगी विधिक संदर्भ सामग्री बताया।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि बदलते हुए कानून और न्यायिक प्रक्रिया के बीच ऐसी पुस्तकों से अधिवक्ताओं, लॉ स्टूडेंट्स, आम जनता को विभिन्न कानूनों को समझने और उनका व्यावहारिक उपयोग करने में सहायता मिलेगी। इस पुस्तक का विमोचन विधि जगत के लिए एक उपयोगी एवं महत्वपूर्ण अवसर रहा। पुस्तक में समसामयिक सामाजिक समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न विधिक प्रावधानों को एक स्थान पर समाहित किया गया है, जिससे यह अधिवक्ताओं एवं कानून से जुड़े अन्य व्यक्तियों के लिए संदर्भ पुस्तक के रूप में उपयोगी हो सकती है।
कार्यक्रम में सुनील सिंह ठाकुर, सत्यजीत शर्मा, चूड़ामणि बेहरा, महेंद्र सिंह यादव, उपासना होता अधिवक्तागण की उपस्थित रही।








