मोती महल के अखाड़े में देशभर के पहलवानों का होगा दंगल

by SUNIL NAMDEO
0 comments

चक्रधर समारोह में अखिल भारतीय और राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 16-17 सितंबर को

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। कला, संस्कृति और परंपरा के साथ खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला 41वां चक्रधर समारोह इस वर्ष कुश्ती के रोमांच से भी सराबोर होगा। समारोह के अंतर्गत 16 एवं 17 सितंबर को मोती महल परिसर में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस दंगल में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से महिला एवं पुरुष पहलवान पहुंचेंगे और अपने दमखम, कौशल तथा दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त आयोजन में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। विभिन्न वर्गों में मुकाबले होंगे और विजेता पहलवानों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

rl
previous arrow
next arrow

ओपी चौधरी करेंगे स्पर्धा का श्रीगणेश

balaji
previous arrow
next arrow

कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 सितंबर को पूर्वान्ह 11 बजे मोती महल परिसर में होगा। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया करेंगे। वहीं राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सुरेन्द्र कुमार बेसरा, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल तथा रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

विजेताओं पर होगी ईनाम की बारिश

दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 17 सितंबर को शाम 6 बजे मोती महल परिसर में आयोजित होगा। समापन समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह करेंगे। सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल एवं महापौर जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

अखिल भारतीय स्तर पर 1 लाख तक का प्रथम पुरस्कार

प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर पुरुषों के लिए तीन भार वर्ग रखे गए हैं। 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय 51 हजार रुपये तथा तृतीय 11 हजार रुपये है। 72 से 79 किलोग्राम वर्ग में प्रथम 41 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 9,100 रुपये तथा 62 से 71 किलोग्राम वर्ग में प्रथम 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय 7,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। महिला वर्ग में 71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार, द्वितीय 21 हजार एवं तृतीय 11 हजार रुपये तथा 62 से 70 किलोग्राम वर्ग में प्रथम 15 हजार, द्वितीय 11 हजार एवं तृतीय 7 हजार रुपये निर्धारित हैं।

राज्य स्तरीय मुकाबलों में भी आकर्षक पुरस्कार

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुषों के लिए 70 किलोग्राम से अधिक वर्ग में प्रथम 21 हजार, द्वितीय 11 हजार एवं तृतीय 4,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। 61 से 69 किलोग्राम में 11 हजार, 5,100 और 3,100 रुपये 56 से 60 किलोग्राम में 7,100, 4,100 और 2,100 रुपयेय 52 से 55 किलोग्राम में 5,100, 3,100 और 1,100 रुपये तथा 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में 3,100, 1,100 और 700 रुपये के पुरस्कार निर्धारित हैं। महिला वर्ग में 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम 11,100, द्वितीय 7,100 एवं तृतीय 4,100 रुपये, जबकि 61 से 69 किलोग्राम में 7,100, 5,100 एवं 3,100 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। इसी तरह 56 से 60 किलोग्राम में 5,100, 3,100 एवं 2,100 रुपये, 52 से 55 किलोग्राम में 3,100, 2,100 एवं 1,100 रुपये तथा 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में 2,100, 1,100 एवं 700 रुपये का पुरस्कार रखा गया है।

मोती महल में दिखेगा दांव-पेंच और दमखम का रोमांच

चक्रधर समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कुश्ती प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। अखाड़े में पहलवानों के बीच जोर-आजमाईश, तकनीक और दमखम के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन समिति ने जिले एवं क्षेत्र के खेल प्रेमियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मोती महल परिसर पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Related Posts