पानी-पानी हुआ रायगढ़, कलेक्टर उतरे सड़क पर, बाढ़ और जलभराव के हालात का देखा सच

by SUNIL NAMDEO
0 comments

जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें अलर्ट, शहर को 4 जोन में विभाजित कर विशेष निगरानी

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम रायगढ़ की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्वयं शहर के विभिन्न बाढ़ एवं जल भराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

rl
previous arrow
next arrow

बारिश के बीच कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सर्वप्रथम पंचधारी एनीकट का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने नदी किनारे के दोनों छोरों का निरीक्षण करते हुए जल भराव की संभावनाओं वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने बड़े रामपुर क्षेत्र सहित निचली बस्ती बालसमुंद तालाब क्षेत्र एवं मोदी नगर पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया।

balaji
previous arrow
next arrow

                    उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जाए। नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहकर कार्य करें। सभी टीमें पूरी सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि मानसून के दौरान जल भराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शहर को 4 जोन में विभाजित कर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इसमें जिंदल पतरापाली क्षेत्र को प्रथम जोन, मुख्य शहर क्षेत्र को द्वितीय जोन, जूटमिल क्षेत्र को तृतीय जोन तथा चक्रधर नगर चौक क्षेत्र को चतुर्थ जोन में शामिल किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियर एवं कार्यपालन अभियंताओं को सौंपी गई है।

बारिश शुरू होने के साथ ही निगम की टीमें सभी क्षेत्रों में सक्रिय हैं। प्रत्येक जोन में तकनीकी विभाग के वरिष्ठ इंजीनियर, राजस्व विभाग के वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक एवं सफाई दरोगा सहित मैदानी अमला तैनात है, जो लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। प्रशासन की सक्रियता और बेहतर समन्वय के कारण अब तक शहर में कहीं भी गंभीर जल भराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts