रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के चांदमारी स्थित शासकीय रविशंकर विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम यादगार रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर हुआ। अतिथियों और शिक्षकों ने नवप्रवेशी बच्चों को रोली तिलक लगाकर पुष्प वर्षा करते हुए पाठ्य-पुस्तक और गणवेश की सौगात दी। वहीं, 5वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों क्रमशः जयकुमारी नाग, रूद्र कसेरा एवं उनके पालकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। भविष्य में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया।मंचासीन अतिथियों ने पात्र बच्चों का विद्यालय में प्रवेश, नामांकन, ठहराव, नियमित उपस्थिति, सामुदायिक सहभागिता, स्वच्छता व अनुशासन के साथ शिक्षा की महत्ता पर सारगर्भित प्रकाश डाला। बच्चों एवं लोगों को सामाजिक न्यौता भोज दिया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठिका डॉ. मनीषा त्रिपाठी और आभार प्रदर्शन व्याख्याता इरयल टोप्पो ने किया।
यह कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव के प्रभावी मार्गदर्शन में शाला विकास और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शोभा शर्मा, वरिष्ठ सदस्य गुलाम रहमान, क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद नवाब खान और राजकुमारी नाग सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।








