20 मई को दवा दुकानें रहेगी बंद

by SUNIL NAMDEO
0 comments

रायगढ़ जिला केमिस्ट और ड्रगिस्ट संघ ने विज्ञप्ति जारी कर की पुष्टि

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ऑल इंडिया और छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (सीसीडीए) के संयुक्त आव्हान पर 20 मई को पूरे भारत में एक दिवसीय दवा दुकान बंद का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के समस्त मेडिकल स्टोर एवं दवा प्रतिष्ठान भी बंद रखे जाएंगे।

balaj
previous arrow
next arrow

                   रायगढ़ जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संघ ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि आज कई लोगों के मन में यह प्रश्न स्वाभाविक रूप से उठ रहा होगा कि जब ऑनलाइन माध्यम से दवाइयों पर अधिक छूट दी जा रही है, तब दवा विक्रेता उसका विरोध क्यों कर रहे हैं? हम आम जनता को स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह विरोध किसी व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण नहीं, बल्कि देश की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। हमारी संस्थाएं लगातार केंद्र सरकार से जीएसआर 220 एवं जीएसआर 817 के प्रावधानों को वापस लेने की मांग कर रही हैं। इस संबंध में कई बार निवेदन एवं पत्राचार भी किया गया है, लेकिन आज तक हमें अपनी बात रखने के लिए उचित समय नहीं दिया गया। देशभर के लाखों दवा विक्रेताओं की चिंताओं तथा आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

ideal
previous arrow
next arrow

            आप सभी आए दिन समाचारों में सुनते और पढ़ते होंगे कि विभिन्न स्थानों पर नकली दवाइयाँ पकड़ी जा रही हैं। हाल ही में दिल्ली में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में उपयोग होने वाली दवा नकली पाई गई, जिसने पूरे देश को चिंतित कर दिया। सोचिए, यदि जीवन रक्षक दवाइयाँ ही नकली निकलें तो इसका मरीज के स्वास्थ्य पर कितना गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। ऑनलाइन माध्यम से बेची जाने वाली दवाइयों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था एवं वास्तविक स्रोत की जांच आम उपभोक्ता के लिए लगभग असंभव होती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग नकली, एक्सपायरी अथवा गलत दवाइयाँ बाजार में पहुँचा देते हैं। ऐसी दवाइयाँ मरीज के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ कर सकती हैं।

इसके विपरीत, आपके नजदीकी मेडिकल स्टोर तक दवाइयाँ एक निर्धारित एवं नियंत्रित आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से पहुँचती हैं। प्रत्येक दवा लाइसेंस प्राप्त कंपनियों, वितरकों एवं अधिकृत विक्रेताओं की निगरानी में मेडिकल स्टोर तक आती है। प्रशिक्षित एवं लाइसेंसधारी फार्मासिस्ट द्वारा दवा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे सही दवा मिलने की गारंटी रहती है तथा हर स्तर पर सतत निगरानी के कारण नकली दवाओं खतरा नही रहता है। दवा केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि आपके जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए केवल अधिक छूट के आकर्षण में आकर अपने स्वास्थ्य के साथ जोखिम न लें।

रायगढ़ जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संघ ने दवा उपभोक्ताओं से विनम्र आग्रह किया है कि अपने नजदीकी एवं विश्वसनीय मेडिकल स्टोर से ही दवाइयाँ खरीदें, स्थानीय दवा विक्रेताओं पर विश्वास बनाए रखें तथा सुरक्षित एवं प्रमाणिक दवाइयाँ लेकर अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य की रक्षा करें।

Related Posts