चक्रधर नगर में बनेगा 50 लाख का प्रेस क्लब भवन, ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन

by raigarhmanoj@gmail.com
0 comments

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ के पत्रकारों के लिए 2 मई का दिन ऐतिहासिक रहा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने वार्ड नंबर 27 में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्रेस क्लब सामुदायिक भवन का विधिवत शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों को बधाई दी।
        कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रेस क्लब भवन के लिए पत्रकार साथियों द्वारा निरंतर प्रयास, संवाद और फॉलोअप किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह कार्य प्रारंभ हो सका है। उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी प्रक्रिया पूर्ण होते ही शासन से 20 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई तथा 30 लाख रुपये विधायक निधि से स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है, जो समाज के महत्वपूर्ण वर्ग को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने नगर निगम के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सराहना की तथा निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और पूरी राशि का उपयोग बेहतर निर्माण में किया जाए।
                       वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कोरबा प्रेस क्लब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का सुव्यवस्थित भवन एक गरिमामय वातावरण प्रदान करता है और रायगढ़ में भी उसी स्तर का सुसज्जित एवं आधुनिक भवन तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस निर्माण से रायगढ़ के पत्रकारों को एक सशक्त एवं सम्मानजनक मंच प्राप्त होगा। उन्होंने भवन के डिजाइन को लेकर कहा कि निर्माण इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में प्रथम तल के विस्तार की संभावना बनी रहे। साथ ही परिसर के शेष हिस्से में पार्किंग, गार्डन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर इसे एक सुव्यवस्थित कैंपस के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने मुख्य मार्ग के संभावित चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए भवन का निर्माण व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिए।
                          वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में वर्तमान में अनेक विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं और 100 से अधिक परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। रायगढ़ के विकास के लिए वे प्रतिदिन समय देकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

balaj
previous arrow
next arrow

           महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रेस क्लब का यह भवन समाज के सशक्त स्तंभ को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रायगढ़ में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक ने कहा कि यह भवन पत्रकारों के लंबे समय से संजोए गए सपने को साकार करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायगढ़ में शिक्षा, अधोसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। नालंदा लाइब्रेरी सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं, जिनसे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास हो रहा है।
       इस अवसर पर निगम सभापति डिग्रीलाल, जनपद अध्यक्ष हेमलता चौहान, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय, श्रीकांत सोमावार, विवेक रंजन सिन्हा, विकास केडिया, सुरेश गोयल, पूनम सोलंकी, मधुलता पटेल, प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत, सचिव नवीन शर्मा, कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी सहित प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

ideal
previous arrow
next arrow

Related Posts