रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ साहू समाज ने कोसमनारा स्थित भक्तमाता कर्मा मंदिर में आदर्श विवाह का आयोजन करते हुए सादगी और सामाजिक एकता का अनुकरणीय संदेश दिया। इस अवसर पर पुसौर के ग्राम मौहापाली निवासी चूड़ामणि साव, पिता लक्ष्मीप्रसाद साव और माता राधा साव का विवाह गायत्री साहू, पिता महारु साहू तथा माता बुधवंतिन साहू, निवासी जजगीरी, भिलाई के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, नागरिकों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति में सादगीपूर्ण वातावरण में विवाह हुआ। इस आदर्श विवाह के माध्यम से समाज ने यह संदेश दिया कि विवाह जैसे पवित्र बंधन को अनावश्यक खर्च और दिखावे से दूर रखते हुए सरलता एवं सामाजिक सहयोग के साथ भी संपन्न किया जा सकता है। इस मौके पर रायगढ़ साहू समाज के संरक्षक सेतराम साहू और जिला अध्यक्ष डिग्रीलाल साहू ने कहा कि आदर्श विवाह जैसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होता है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग, एकता और समरसता को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि साहू समाज आगे भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस दिशा में प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे आयोजन में अनुशासन, सादगी और सामाजिक सहभागिता का विशेष माहौल देखने को मिला, जिसने इसे एक आदर्श आयोजन के रूप में स्थापित किया। विवाह पश्चात वर-वधु ने सत्यनारायण बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस दौरान मोहन लाल साहू, नंदकिशोर साहू युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष शैलेंद्र साहू एवं बड़ी संख्या समाजजन मौजूद रहे।








