शासकीय प्राथमिक विद्यालय लोईंग में संकुल स्तरीय कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों में गणितीय सोच एवं भाषा कौशल विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक विद्यालय लोईंग में गणित मेला और कहानी मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में संकुल के सभी प्राथमिक विद्यालयों से एक-एक शिक्षक उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति भय को दूर कर खेल-खेल में सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना एवं कहानियों के माध्यम से भाषा ज्ञान को समृद्ध करना था। इस अवसर पर सीएसी राजेश कुमार पटेल ने कहा कि ऐसे मेले निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक हैं और बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ाते हैं।
वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोईंग के व्याख्याता बीएल गुप्ता ने कहा कि संकुल स्तर पर इस प्रकार के नवाचार से शिक्षकों को भी एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी रहा। कार्यक्रम में संकुल के सभी शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।









