संबलपुरी हायर सेकेंडरी स्कूल में कैरियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। पढ़ाई आपके जीवन को सुंदर और आसान बनाती है। आप सभी छात्र-छात्राएं पढ़ाई के महत्व को पहचानें और अपने कैरियर को सफल बनाने की दिशा में जुट जाएं। इसके लिए जरूरी है कि स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ घर में भी नियमित अभ्यास किया जाए। इससे सही समय पर दोहराव होने से न केवल परीक्षा में अच्छे अंक आएंगे, बल्कि विद्यार्थी पढ़ाई के महत्व को भी अच्छी तरह समझ सकेंगे। उक्त बातें रायगढ़ के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर प्रमोद कुमार साहू ने कही। श्री साहू आज जिला मुख्यालय से लगे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संबलपुरी में छात्र-छात्राओं को ‘स्टडी रिवीजन’ की महत्ता बता रहे थे।
रेलवे विभाग में पदस्थ प्रमोद साहू ने छात्रों को बताया कि जीवन में पढ़ाई क्यों जरूरी है। उन्होंने चार्ट पेपर के माध्यम से समझाया कि पढ़ाई के जरिए ही विद्यार्थी अपने जीवन को सुंदर और आसान बना सकता है। इसके लिए उन्होंने चार प्रमुख बातों पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी की मित्रता भले ही कम हो, लेकिन मित्र अच्छे और पढ़ने-लिखने वाले होने चाहिए। विद्यार्थी टीवी और मोबाइल से यथासंभव दूरी बनाकर रखें। सबसे खास बात, छात्र के लिए माइंडसेट का होना जरूरी है, क्योंकि पढ़ाई के समय एकाग्रता रहने से विषय आसानी से समझ में आ जाता है।
बेहतर नहीं, बेहतरीन हो
श्री साहू ने कहा कि चिकित्सकीय भाषा में ईसीजी रिपोर्ट की तरह हमारे जीवन में भी उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कोई भी परीक्षा हमारे जीवन मूल्यों से बड़ी नहीं है। असफलता से हार नहीं मानें, बल्कि असफल होने के कारणों को समझकर उन्हें दूर करने का प्रयास करें। विद्यार्थी को अपने गुरुजनों से पढ़ाए जा रहे विषय पर सवाल पूछने में हिचकिचाना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी कुछ अनहोनी होती भी है तो यह मत सोचिए कि गलत हुआ है। कुछ चीजें अच्छे के लिए भी होती हैं, इसलिए हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
पढ़ना बड़ी बात नहीं, रिवीजन जरूरी
उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि छात्र किसी भी विषय को एक-दो बार पढ़कर ही इतिश्री कर लेते हैं, जबकि उन्हें संबंधित विषय का बार-बार अभ्यास करना चाहिए और लिखकर भी देखना चाहिए। सही रिवीजन से परीक्षा हॉल में छात्र आसानी से सवालों के जवाब दे सकते हैं। बार-बार रिवीजन से पाठ्य सामग्री मस्तिष्क में स्थायी हो जाती है और रटने की प्रवृत्ति से भी मुक्ति मिलती है। रिवीजन के समय खास बातों के नोट्स बनाएं और हाइलाइटर का उपयोग करें।
छात्रों ने पूछे सवाल
मार्गदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रमोद सर से पढ़ी हुई सामग्री भूल जाने, पढ़ाई के दौरान एकाग्रता न बन पाने और स्टडी टाइम मैनेजमेंट जैसे बिंदुओं पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने समाधान बताया।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में श्री साहू के सहयोगी ललित तिवारी, चंद्रशेखर पटेल, गोपीचंद साहू भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्राचार्या टी. केरकेट्टा, व्याख्याता त्रिलोचन चौधरी, तरुण राठौर, सुधीर ठेठवार, सुचिता भगत, अर्चना लकड़ा, संगीता राठौर, मीनाक्षी देवांगन, नजमा बानो सुश्री असीमा तिर्की, पीटीआई ऊष्मा पटेल, अंजलि देहरी, बीएड प्रशिक्षु राहुल चौहान, मनीषा खूंटिया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








