शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, उनके परिवारों का सम्मान हम सभी का दायित्व : रमेन डेका

by SUNIL NAMDEO
0 comments

शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल ने शहीद परिवारों का किया सम्मान, वीर जवानों के त्याग और समर्पण को किया नमन, युवाओं से शहीदों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आव्हान

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज शाम रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों का सम्मान किया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीदों के परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।

rl
previous arrow
next arrow

                                राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। अनेक जवानों ने देश और प्रदेश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आत्मसात करने का आह्वान किया।  उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।राज्यपाल श्री डेका ने सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर शंकर, कमाण्डेड अजय सिंह बिसेन, सुभाष त्रिपाठी, आशा त्रिपाठी, राहुल शुक्ला, राजेश पटनायक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

balaji
previous arrow
next arrow

राज्यपाल ने छात्रों को दी प्रोत्साहन राशि

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया तथा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल एवं अर्नव गुप्ता शामिल थे। इसी प्रकार ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि एवं भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर. बालाजी को प्रोत्साहन राशि दी गई।

Related Posts