शिक्षा होती है समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव : ओपी चौधरी

by raigarhmanoj@gmail.com
0 comments

वित्तमंत्री ने महलोई में 5.30 करोड़ से बनने वाले आधुनिक मॉडल स्कूल का किया भूमिपूजन

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ जिले में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पुसौर विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई को आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सीएसआर मद से 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से नवीन विद्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने इसका आज विधिवत भूमिपूजन किया।

rl
previous arrow
next arrow

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। बच्चों को अच्छी शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। महलोई विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों के विद्यार्थियों की तरह आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए किसी प्रकार की कमी महसूस न हो। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर उसी के अनुरूप भविष्य की दिशा तय करनी चाहिए। केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

balaji
previous arrow
next arrow

          वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। वे अपनी रुचि के अनुसार शिक्षा, तकनीक, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि वे समय का सदुपयोग करें, नियमित अध्ययन करें और निरंतर मेहनत करते रहें। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने सपनों को बड़ा रखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी एवं लगन से प्रयास करें। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया और उनके शैक्षणिक अनुभवों तथा भविष्य की आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य के निर्माता हैं। इसलिए उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा मॉडल स्कूल

सीएसआर मद से लगभग 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया विद्यालय भवन आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें विभिन्न विषयों के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर कक्ष, स्मार्ट क्लासरूम सहित विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यालय को इस तरह तैयार किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीक आधारित अध्ययन का भी अवसर मिल सके। मॉडल स्कूल बनने से विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और व्यावहारिक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी समझ विकसित करने का बेहतर वातावरण मिलेगा। इससे पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

गांवों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

विद्यालय के उन्नयन से महलोई के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा। आधुनिक भवन और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से विद्यालय में पढ़ाई का वातावरण मजबूत होगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा। मॉडल स्कूल का निर्माण ग्रामीण अंचल में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य की आधारशिला बनेगा।

Related Posts