रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले में लंबे समय से संचालित सट्टा और अवैध शराब कारोबार को लेकर राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बीच निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल बापोड़िया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि रायगढ़ जिले में अवैध कारोबारों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के शासनकाल में भी सट्टा और अवैध शराब के कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, जिससे आम जनता के बीच यह धारणा बन रही है कि इन गतिविधियों को कहीं न कहीं राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। वर्तमान में कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं, लेकिन वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। जिले में संचालित सट्टा एवं अवैध शराब कारोबार की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, चाहे उनका संबंध किसी भी राजनीतिक दल से क्यों न हो।
उन्होंने कहा कि यह विषय केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रशासन को बिना किसी पक्षपात के कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबारों पर पूरी तरह अंकुश लगाना चाहिए। जनहित में दोषियों को कानून के दायरे में लाना और पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर निष्पक्ष कार्रवाई कर जनता का विश्वास कायम करेगा।







