जिला अस्पताल में मितानिनों की नहीं हो रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, मोतियाबिंद के लिए वरिष्ठ नागरिक कर रहे लंबी प्रतीक्षा, कलेक्टर से हुई शिकायत

by SUNIL NAMDEO
0 comments

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी फरियादियों की समस्याएं

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

rl
previous arrow
next arrow

                     जनदर्शन में विकासखण्ड लैलूंगा के ग्राम पंचायत ऐंकरा के जगदीश सिदार ने गांव में मुक्तिधाम एवं आहता निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम दर्रीडीह के भक्तराम प्रधान ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए काफी समय पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को मामले में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम रेंगालपाली की गौरी गुप्ता ने बताया कि उन्हें जन्म से ही सुनने में परेशानी है। उन्होंने श्रवण संबंधी समस्या के समाधान के लिए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसी तरह मितानिन सरिता चौहान ने मितानिनों की जिला चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन में लंबी प्रतीक्षा के कारण हो रही परेशानियों की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया।

balaji
previous arrow
next arrow

                         ग्राम अमलडीहा के छवि राम ने नक्शा बंटवारे के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी देते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की। वहीं ग्राम सूपा के गजपति रात्रे ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए दैनिक कार्यों में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया और आवागमन की सुविधा के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts