लोइंग के शासकीय प्राथमिक शाला में यादगार रहा 14 नवंबर

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला लोईंग में बाल मेला और खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं फूलों से सजाया गया था। बाल मेले में बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए। किसी स्टॉल पर चाट-पकौड़ी, किसी पर विभिन्न प्रकार की सब्जियां,तो किसी पर बच्चों द्वारा बनाई गई व्यंजन रखी गई थीं। बच्चों ने स्वयं दुकानदार बनकर सामान बेचा, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं व्यवहार कुशलता का विकास हुआ।
बाल मेले के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें कुर्सी दौड़ एवं अन्य खेल गतिविधि प्रमुख रहे। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया। दर्शकों ने तालियाँ बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

प्रधान पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल दिवस बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके सपनों और भविष्य के लिए मनाया जाता है। पं. जवाहरलाल नेहरू बच्चों से अत्यधिक प्रेम करते थे, इसलिए उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। अंत में सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई। यह दिवस बच्चों के लिए यादगार बन गया।









