ओपी जिंदल विद्यालय, तराईमाल में पदभार ग्रहण समारोह सम्पन्न
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ओपी जिंदल विद्यालय, तराईमाल में बीते 25 जुलाई को शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए पदभार ग्रहण समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह का उद्देश्य नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को उनके उत्तरदायित्व सौंपना तथा उनमें नेतृत्व के गुणों का विकास करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या अलका गोडबोले का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। प्राचार्या एवं सदन प्रभारियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा विद्या, बुद्धि और ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती की वंदना की गई। इसके बाद कक्षा चतुर्थ के छात्रों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्राचार्या ने नव-निर्वाचित विद्यालय नायक-नायिका सहित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दायित्व अत्यंत प्रतिष्ठित है, क्योंकि इसमें विद्यालय की अपेक्षाओं और उत्तरदायित्वों का निर्वहन निहित है। उन्होंने कहा, नेतृत्व केवल पद या अधिकार नहीं, बल्कि संस्था का विश्वास है। यदि किसी विद्यार्थी को बैज प्राप्त न भी हुआ हो, तब भी वह विद्यालय का महत्वपूर्ण अंग है। अतः विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्त्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाना चाहिए।
इसके बाद प्राचार्या, सदन प्रभारी, शिक्षकों ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बैज एवं पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपना आत्म-परिचय भी दिया। विद्यालय नायक ने अपने संबोधन में कहा कि वह और पूरी छात्र परिषद, छात्रों तथा शिक्षकों के बीच सेतु का कार्य करेंगे। उन्होंने प्राचार्या, शिक्षकों एवं छात्रों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। समारोह का सबसे प्रेरणादायक क्षण शपथ ग्रहण समारोह रहा। विद्यालय नायक ने सदन आजाद, भगत, सुभाष एवं तिलक के सदन प्रमुख, उप सदन प्रमुख, अनुशासन प्रभारी, सांस्कृतिक प्रभारी, गतिविधि प्रभारी, स्वच्छता समिति प्रभारी, टीपीएम प्रभारी, क्रीड़ा सचिव एवं अन्य सदस्यों को शपथ दिलाई। सभी ने विद्यालय के आदर्शों, अनुशासन और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।







