बालक अंडर-14 और बालिका अंडर-14 हैंडबॉल टीम ने पाया तृतीय स्थान

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। उत्तम इंटरनेशनल स्कूल रायगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय की बालक अंडर-14 एवं बालिका अंडर-14 हैंडबॉल टीम ने आयोजित गेम्स क्लस्टर हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे विद्यालय के समर्पित खेल प्रशिक्षकों रजनीश सिंह, सोमेश साहू, मुस्कान अग्रवाल, ममता मैडम का विशेष मार्गदर्शन, अथक परिश्रम एवं निरंतर प्रशिक्षण रहा। उनके कुशल नेतृत्व और नियमित अभ्यास के परिणामस्वरूप खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए यह सफलता अर्जित की।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन गौतम चौधरी ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तम इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रयासरत है और विद्यार्थियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए हर संभव अवसर प्रदान करता रहेगा।
इसी तरह विद्यालय के डायरेक्टर संजय चौधरी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में हमारे विद्यार्थी और भी बड़ी सफलताएँ प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल श्रीवास ने खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन एवं टीम भावना की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। वहीं को-ऑर्डिनेटर सुश्री जूली केशरवानी ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







