ओपी चौधरी ने कहा – यह सम्मान प्रदेश के युवाओं को सेना में सेवा और राष्ट्रभक्ति के लिए करेगा प्रेरित
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ के वीर सपूत, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने देश के प्रतिष्ठित सैन्य अलंकरणों में से एक अति विशिष्ट सेवा पदक’ (AVSM) से सम्मानित किया। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बधाई संदेश जारी कर कहा कि मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को ‘अति विशिष्ट सेवा पदक’ से अलंकृत किया जाना छत्तीसगढ़वासियों के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का क्षण है। यह पुरस्कार न केवल उनके अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा का प्रमाण है, बल्कि भारतीय सेना में छग के वीर सपूतों के बढ़ते योगदान को भी रेखांकित करता है।
श्री चौधरी ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी ने सदैव वीर जवान पैदा किए हैं जिन्होंने सीमाओं की रक्षा से लेकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने में अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। मेजर जनरल शर्मा का यह सम्मान प्रदेश के युवाओं को सेना में सेवा और राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करेगा। सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के वीर जवानों का सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।







