रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन के तहत रायगढ़ स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में आदर्श भारतीय जिंदल ग्राम विद्यालय और नटवर स्कूल के करीब 15-20 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला खेल अधिकारी जीवन लाल नायक के मार्गदर्शन और ब्लॉक प्रभारी आबिद साबरी की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में पीटीआई देवेंद्र मिश्रा, विनीता पाणी और अभिषेक गुप्ता ने खेल को संपन्न कराया।
42 से 54 किलोग्राम भार वर्ग में जीत हासिल कर आगामी 3 तारीख को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाने वाले प्रमुख विजेताओं में बालिका वर्ग (U-17/U-19) रिमझिम कुमारी, दिव्या केवट, नैना कुमारी और रानी प्रिया हैं। बालक वर्ग (U-14/U-17/U-19) दिग्विजय सिंह, सच्चिदानंद विश्वकर्मा, लोकेश मेहत, हंस बंछोर, रोहन लाल राय, विवेक गौतम, आयुष सिंह और प्रवीण कुमार पटेल शामिल हैं। जिला स्तर पर विजयी होने वाले प्रतिभागी आगे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस मौके पर रायगढ़ डिस्ट्रिक्ट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रिकेश नांबियार एवं एसोसिएशन के सचिव रमेश सिन्हा ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर खेल को संपन्न कराया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 8 सितंबर से एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के द्वारा हर स्कूल में टैलेंट हंट का आयोजन किया जा रहा है। इस टैलेंट हंट में चयनित होने वाले बच्चों को 1200 रुपये वार्षिक स्टाइपेंड दिया जाएगा। पंजीयन के लिए इच्छुक खिलाड़ी मोबाइल नंबर 9074129985 पर संपर्क कर सकते हैं।







