सरस्वती शिशु मंदिर लक्ष्मीपुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग दिवस
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शहर के लक्ष्मीपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों व गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं रायगढ़ विभाग प्रभारी कमल अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष चक्रधर पटेल ने की। इस अवसर पर व्यवस्थापक एलपी कटकवार, जिला प्रतिनिधि गणेश चंद्र यादव, प्राचार्य विनीता श्रीवास, प्रधान आचार्य रामेश्वर द्विवेदी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योगाभ्यास का संचालन योगाचार्य जय यादव ने करते हुए विद्यार्थियों, अतिथियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान का अभ्यास कराया, साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने पूर्ण उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।
मुख्य अतिथि कमल अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आव्हान भी किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, ध्यान एवं प्राणायाम के साथ योग के महत्व पर विचार भी प्रस्तुत किए गए। विद्यालय परिवार ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य रामेश्वर द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।







