रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ग्रीष्मावकाश अवकाश के बाद स्कूलो में बच्चों की किलकारियां गूजंने लगी है। बच्चों की मुस्कान फिर से विद्यालय में दिखने लगा है। वहीं, आज प्राथमिक, माध्यमिक व हाई स्कूल में उन नवप्रवेशी बच्चों को तिलक वंदन करते हुए स्वागत किया गया। इसी क्रम में पंचपारा संकुल के विभिन्न स्कूलों में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष सिन्हा, सरपंच, जनप्रतिनिधियों ने शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पहली, छठवीं और नवमीं कक्षा के नवप्रवेशी बच्चों को तिलक चंदन लगाकर स्वागत किया, साथ ही निः शुल्क पाठ्यपुस्तक व गणवेश प्रदान करते हुए प्रोत्साहित भी किया।
शाला प्रवेश उत्सव के साथ ही समस्त स्कूलों में पठन और पाठन भी प्रारंभ हो गया। शासन के निर्देशानुसार समस्त स्कूलों में संस्कार को बढ़ावा देते हुए प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, गुरु वंदना, गायत्री संग्रह, दीप मंत्र का गायन किया गया। दोपहर मध्यान्ह भोजन में भोजन मंत्र के साथ भोजन ग्रहण कराया गया तथा छुट्टी में राज्य गीत, शांति पाठ के साथ समापन किया गया।
प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में प्राचार्या चंद्रकांता खरे, संकुल समंवयक श्रवण साव, सभी प्रधान पाठक, शिक्षक और गणमान्य जनों की मौजूदगी रही।







