रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ‘ऑक्सीजन हो रही है कम, चलो पेड़ लगाएं हम’ के मूल संकल्प के साथ सामाजिक संस्था जेसीआई रायगढ़ सिटी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर काशीराम चौक के पास, महेंद्र मोड़ा गोदाम के पीछे स्थित गांधीनगर परिसर में वृहद पौधारोपण किया। संस्था के सदस्यों ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष सीए गुलशन अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली हम सभी के लिए चिंता का विषय है। केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ जेसीआई रायगढ़ सिटी इस वर्ष लगातार क्लीन एंड ग्रीन अभियान चला रही है। पौधरोपण महायज्ञ की कमान प्रोग्राम डायरेक्टर अमन विजय अग्रवाल और डायरेक्टर क्लीन एंड ग्रीन रायगढ़ सुनील अग्रवाल सम्हाल रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव वेदांग बेरीवाल सहित बड़ी संख्या में जेसी साथियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और प्रकृति को बचाने की शपथ ली। उक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।







