घर के मुखिया की असमय मौत से 5 मासूम बच्चों की मां पर टूटा दुखों का पहाड़

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट के लेबर रूम में एक मजदूर द्वारा फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त करने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना शहर के कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
पुलिस सूत्रों कब मुताबिक रायगढ़ से लगे ग्राम जोरापाली में सुनील जिंदल का दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट संचालित है। मूलतः जशपुर जिले के नारायणपुर थानांतर्गत ग्राम सेन्द्रीमुड़ा निवासी मानकुमार उर्फ रामकुमार डोम (26 वर्ष) जोरापाली के दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स में काम करते हुए अपनी बीवी सनमति और 5 छोटे मासूम बच्चों के साथ प्लांट परिसर स्थित लेबर क्वाटर में रहता था। बीते 7 जून की देर शाम लगभग साढ़े 7 बजे दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट में उस समय सनसनी फैल गई, जब लेबर रूम के कमरे में मान कुमार की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली।
सनमति ने लेबर क्वाटर में रहने वाले कामगारों को घटना के बारे में बताते हुए मदद की गुहार लगाई। श्रमिकों ने प्लांट प्रबंधन को इसकी सूचना दी तो कोतरा रोड थाने को भनक लगी। फिर क्या, पुलिस ने दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स प्लांट के लेबर क्वाटर के बंद कमरे में झूलती लाश को उतरवाते हुए जिला चिकित्सालय भेजवाया। सोमवार सुबह मर्च्यूरी रूम में मानकुमार के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
मृतक की पत्नी सनमति डोम ने सृजन न्यूज को बताया कि पहले पति ने 4 बच्चों समेत उसे छोड़ दिया तो वह मानकुमार के संग ब्याह रचाते हुए कुल 6 बच्चों के साथ दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स के लेबर क्वाटर में रहती थी। रविवार सुबह सनमति को तनख्वाह के देने के बाद मानकुमार ने पैसे की मांग की तो इस बात को लेकर मियां-बीवी के बीच विवाद हुआ। फिर मानकुमार शराब पीने बाहर गया और लौटकर घर आया तो कमरे के दरवाजे को अंदर से बंद करते हुए फांसी लगा ली।
बहरहाल, दुर्गा फ्लाईएश ब्रिक्स में मजदूर की खुदकुशी के बाद 5 बच्चों की मां पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। कोतरा रोड पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।







