सारंगढ़/बरमकेला (सृजन न्यूज)। सीजी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में पुनर्मूल्यांकन के बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को एक और कामयाबी मिली है। मोना माडर्न स्कूल बरमकेला की छात्रा पूनम पटेल की पुनर्मूल्यांकन में 5 अंक की वृद्धि हुई। इसके बाद उनका प्राप्तांक 96.4 प्रतिशत हो गया। ऐसे में अब पूनम प्रदेश में 10वां स्थान पर विराजमान हो गई हैं। स्थायी मेरिट लिस्ट में सारंगढ़-बिलाईगढ़ का नाम फिर रोशन होगा।
अंचल के मोना माडर्न स्कूल बरमकेला की छात्रा पूनम पटेल ने इस सत्र 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 500 मे 477 अंक प्राप्त करते हुए जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। हिन्दी में 80 में से मिले 69 अंक से असंतुष्ट होकर पूनम ने पुर्नमूल्यांकन के लिये आवेदन किया था। आज शाम पुनर्मूल्यांकन के जारी नतीजे के अनुसार पूनम पटेल के हिन्दी विषय में 5 अंकों की वृद्धि हुई और उनका अब 74 अंक हो गया। वहीं कुल प्राप्तांक 482 अंक हो गया जो 96.4 प्रतिशत हो रहा है। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के द्वारा जारी टॉपटेन की लिस्ट के अनुसार 482 अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्रा प्रदेश में 10वां स्थान पर आए हैं, उसमे अब पूनम पटेल भी शामिल हो गई हैं। हालांकि, इसकी अधिकृत घोषणा कुछ दिनों के बाद बोर्ड के द्वारा स्थायी मेरिट लिस्ट के समय होगी, लेकिन बोर्ड परीक्षा के मेरिट लिस्ट में पूनम पटेल का आना तय हो गया। बिलाईगढ़ ब के निवासी किशोर पटेल की सुपुत्री पूनम पटेल 12वीं मेरिट लिस्ट में अपना स्थान बनाकर ना सिर्फ स्कूल बल्कि अपने गांव, बरमकेला अंचल और सारंगढ़-बिलाईगढ़ का नाम रोशन किया है।
मोना माडर्न स्कूल बरमकेला के डायरेक्टर अमितेश केशरवानी ने बताया कि पूनम पटेल प्रतिभावान छात्रा होने के नाते हिन्दी विषय मे मिले प्राप्तांक से असंतुष्ट थीं। इसके बाद उन्होंने पुनर्मूल्यांकन का आवेदन किया। आज जारी पुनर्मूल्यांकन के परिणाम में पूनम के हिन्दी विषय मे 5 अंक की वृद्धि हुई और उनका परिणाम अब 96.4 फीसदी अंको के साथ प्रदेश में 10वां स्थान हो गया है। पूनम की सफलता पर उनके माता-पिता तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रेय दिया है। उल्लेखनीय है कि 10वीं के मेरिट लिस्ट में भी मोना माडर्न स्कूल बरमकेला के छात्र हेमंत पटेल ने 10वां स्थान प्राप्त कर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।







