हैलो, मैं बीएलओ बोल रहा हूं, ओटीपी बताओ नहीं तो सस्पेंड हो जाओगे

by SUNIL NAMDEO
0 comments

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सायबर ठग फोन कर दे रहे हैं धमकी, पीड़ितों ने थाने की ली शरण

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सावधान! सायबर ठगों ने इन दिनों महिला एवं बाल विकास विभाग को नया निशाना बनाया है। खुद को बीएलओ बताने वाले सायबर ठग बड़ी चालाकी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर एप अपडेट के नाम पर फर्जी कॉल करते हुए सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में अब पीड़ित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पुलिस में इसकी शिकायत करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है।

rl
previous arrow
next arrow

     नौनिहालों में शिक्षा का बीज रोपने में अग्रणी महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े लोग इनदिनों घर बैठे परेशानी झेल रहे हैं। दरअसल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेलफोन में अंजान मोबाइल नंबर (6207893617) से फोन आता है। कॉल उठाने पर फोन करने वाला शख्स खुद को बीएलओ बताते हुए पोषण ट्रेकर एप अपडेट के नाम पर ओटीपी की मांग करता है। वहीं, सायबर ठगी की जागरूक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जब किसी भी तरह के ओटीपी शेयर करने से इंकार करती हैं तो कथित बीएलओ उन्हें धमकी देता है कि “सस्पेंड होने का डर नहीं है क्या”।

balaji
previous arrow
next arrow

      हैरत की बात यह है कि ट्रू कॉलर में भी फोन करने वाले का नाम बीएलओ दिखाता है। वहीं, ओटीपी साझा करने के बदले किसी अंजाने डर की आशंका होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जब फोन काट देते हैं तो भी कथित बीएलओ उन्हें कई मर्तबे कॉल कर ओटीपी की डिमांड करता है। एक ही मोबाइल नंबर (6207893617) से जब कई कार्यकर्ताओं को फर्जी बीएलओ फोनकर नौकरी से बेदखली की धमकी देते रहा तो परेशान महिलाओं ने अपने प्रमुख अनिता नायक को इसकी सूचना देते हुए चक्रधर नगर थाने ले बगल सायबर सेल में लिखित शिकायत पत्र भी सौंपी है।

बहरहाल, पोषण ट्रैकर एप को अपडेट कराने का झांसा देकर ओटीपी की मांग करने वाले कथित बीएलओ के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने व्हाट्सएप ग्रुप में भी इसकी जानकारी देते हुए अपने साथियों से अपील भी की है कि वे सायबर ठगों के जाल में न फंसे और न ही ओटीपी शेयर करें। दूसरी ओर पुलिस की सायबर सेल अब कथित बीएलओ के नंबर की जांच करते हुए उसकी जन्मकुंडली खंगालने में जुटी है।

Related Posts