
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जेसीआई रायगढ़ सिटी द्वारा मानवता और सेवा भावना को समर्पित ‘प्रोजेक्ट वस्त्रम’ का सफ़ल आयोजन रामभाठा क्षेत्र में किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और ज़रूरतमंद परिवारों को वस्त्र उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मान और अपनेपन का अहसास कराना था। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने ज़रूरतमंद लोगों और बच्चों को कपड़े वितरित किए। वस्त्र पाकर बच्चों, बड़े-बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी और मुस्कान देखने को मिली।
संस्था के अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल ने बताया कि किसी ज़रूरतमंद को वस्त्र देना केवल दान नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य और सम्मान का भाव है। सेवा का सबसे सुंदर रूप वही है, जिससे किसी के चेहरे पर सच्ची मुस्कान लाई जा सके। JCI रायगढ़ सिटी लगातार ऐसे सामाजिक सरोकार के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। इस सफल आयोजन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर जेसी आलोक केडिया रहे, जिनके मार्गदर्शन और कुशल प्रबंधन में पूरे कार्यक्रम का सुचारू संचालन किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। JCI रायगढ़ सिटी ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी अभियान जारी रखने का संकल्प लिया। उक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।



