छात्र परिषद चुनाव विद्यार्थियों को देता है नेतृत्व, जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा की भावना का व्यावहारिक अनुभव : गौतम चौधरी

by SUNIL NAMDEO
0 comments

उत्तम इंटरनेशनल स्कूल में यादगार रहा स्टूडेंट्स काउंसिल इलेक्शन 2026-27

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। उत्तम इंटरनेशनल स्कूल, रायगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत स्टूडेंट्स काउंसिल इलेक्शन का सफल एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन गौतम चौधरी, डायरेक्टर संजय चौधरी, एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल श्रीवास और को-ऑर्डिनेटर जुली केशरवानी ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण से किया।

rl
previous arrow
next arrow

                मुख्य अतिथि एवं संस्था के चेयरमैन गौतम चौधरी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि छात्र परिषद चुनाव विद्यार्थियों को नेतृत्व, जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सेवा की भावना का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। शिक्षा के साथ नेतृत्व कौशल, निर्णय क्षमता एवं टीम भावना का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को निष्पक्षता, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

balaji
previous arrow
next arrow

     विद्यालय के डायरेक्टर संजय चौधरी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक नेतृत्व का महत्व समझाते हुए कहा कि एक सशक्त छात्र परिषद विद्यालय में सहयोग, जिम्मेदारी एवं आदर्श नेतृत्व की संस्कृति को विकसित करती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजयी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें विद्यालय के आदर्श प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, व्यवस्था एवं मंच संचालन एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल श्रीवास ने करते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर जुली केशरवानी ने चुनाव प्रक्रिया का सफल समन्वय किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुशासित ढंग से चुनाव में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए प्रत्याशियों एवं मतदाताओं की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

                चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। मतगणना के पश्चात हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन एवं विभिन्न हाउस कैप्टनों के परिणाम घोषित किए गए। विजयी छात्र और छात्राओं ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

       इस गरिमामयी स्टूडेंट्स काउंसिल इलेक्शन 2026-27 को सफल बनाने में विद्यालय के चेयरमैन गौतम चौधरी, डायरेक्टर संजय चौधरी, एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल श्रीवास, गरिमा शर्मा, चूड़ामणि साहू, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह, अनुशासन एवं लोकतांत्रिक भावना के साथ सहभागिता निभाई।

Related Posts