रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ के नगर निगम कार्यालय में मनोनीत एल्डरमैनों का महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्रीलाल साहू ने पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाते हुए आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मनोनीत एल्डरमैन निगम की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। उनका अनुभव और सुझाव शहर के विकास, जनहित के कार्यों तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी एल्डरमैन जनसेवा की भावना, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए नगर के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल जिम्मेदारी निभाना ही नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त एल्डरमैन नगर निगम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर सभी नवनियुक्त मनोनीत एल्डरमैनों ने नगर के विकास, जनहित के कार्यों तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया। नवनियुक्त मनोनीत एल्डरमैनों में ज्ञानेश्वर सिंह गौतम, मनोज शर्मा, मनीष गांधी, प्रदीप श्रृंगी, सुनील थवाईत, संजय जगवानी, शशिकांत शर्मा एवं पप्पू कुमार शामिल रहे।







