OPS की एकसूत्रीय मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान, विद्युत कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी एक मंच पर
रायपुर (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिलाने की मांग अब निर्णायक संघर्ष की ओर बढ़ गई है। शनिवार को रायपुर के सिमरन होटल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित ऐतिहासिक बैठक में कंपनी के 12 प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के 72 प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर “विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली अधिकार मंच” का गठन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से घोषणा की गई कि पुरानी पेंशन बहाली की एकमात्र मांग को लेकर अब सभी संगठन एक मंच से संयुक्त, चरणबद्ध एवं निर्णायक आंदोलन करेंगे। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन की रणनीति तय करने बनेगी 24 सदस्यीय समिति
बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिकार मंच के संचालन एवं आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए सभी 12 संगठनों से दो-दो प्रतिनिधियों की 24 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। प्रत्येक संगठन से एक प्रतिनिधि का NPS धारक कर्मचारी होना अनिवार्य रहेगा। समिति की पहली बैठक अगले सप्ताह आयोजित होगी, जिसमें आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन
प्रतिनिधियों ने निर्णय लिया कि 6 अक्टूबर 2023 को मुख्यमंत्री द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू करने संबंधी दी गई सैद्धांतिक सहमति का हवाला देते हुए कंपनी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कराने की मांग की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही पूरे प्रदेश में प्रांतीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर जनजागरण अभियान, कर्मचारी संपर्क कार्यक्रम तथा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
इन संगठनों की रही ऐतिहासिक भागीदारी
बैठक में अभियंता संघ, पत्रोपाधी संघ, फेडरेशन-1, जनता यूनियन, बिजली कर्मचारी महासंघ, विद्युत कर्मचारी संघ (इंटक-56), आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ, तकनीकी कर्मचारी एकता यूनियन, तकनीकी कर्मचारी संघ, डॉक्टर्स एसोसिएशन, कर्मचारी ऑफिसर्स एसोसिएशन तथा कार्यालयीन कर्मचारी संघ बस्तर सहित कुल 12 संगठनों के 72 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
शब्बीर मेमन ने किया संचालन
बैठक का संचालन शब्बीर मेमन ने किया। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारी-कर्मचारियों की यह अभूतपूर्व एकजुटता पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को नई दिशा, नई ऊर्जा और निर्णायक मजबूती प्रदान करेगी। उक्ताशय की जानकारी प्रदेश सचिव, रितेश कुमार नागेश जनता यूनियन ने दी।







