रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ नगर निगम द्वारा इंदिरा नगर जोगीडीपा, बाबूपारा, फौजदार पारा क्षेत्र के बाशिंदों को प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण हेतु बेदखली का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में प्रभावित लोगों को बेदखली पश्चात मुआवजा, पुनर्वास और व्यवस्थापन की क्या व्यवस्था होगी? इसका कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, ना ही प्रस्तावित केनाल लिंक रोड का आकार व चौड़ाई कितनी होगी? इसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि गत वर्ष जिस तरीके से ठीक बरसात आगमन के समय प्रगति नगर, जेलपारा में मेरिन ड्राईव रोड निर्माण के लिए प्रशासनिक बलपूर्वक मकानों को तोड़फोड़ कर बस्ती हटाया गया जिससे प्रभावित परिवारों को रोते-बिलखते घर छोड़ने को मजबूर होना पड़ा, वैसे ही बर्बर, तानाशाही कार्यवाही करने निगम फिर आमादा हो रही है। इससे जोगीडीपा, बाबूपारा, फौजदार पारा के प्रभावित रहवासियों के मन में अपने भविष्य की चिंता होने के साथ डर का माहौल भी व्याप्त है। इन्हीं तथ्यों संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के सहमति से केनाल लिंक रोड मामले को लेकर 8 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
यह जांच समिति प्रस्तावित केनाल लिंक रोड स्थल का निरीक्षण कर प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी मांग व समस्याओं का सूक्ष्मता पूर्वक अवलोकन तथा जानकारी एकत्रित कर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने के बाद 2 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट से जिला कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत करायेंगे। उसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी के समन्वय पर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश से प्रभावित परिवारों के हितों की रणनीति पर आगे की कार्रवाई तय की जायेगी।
कांग्रेस द्वारा गठित जांच समिति में नगर निगम नेताप्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया संयोजक हैं। वहीं प्रमुख सदस्यों में पूर्व सभापति जयंत ठेठवार, पूर्व पार्षद और मंडल अध्यक्ष दयाराम धुर्वे, पार्षद आरिफ हुसैन, जिला महामंत्री सत्यप्रकाश शर्मा, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, पूर्व पार्षद एवं जिला सचिव श्रीमती रंजना पटेल, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, ब्लाॅक महामंत्री सुमित मिरी शामिल हैं।








