रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नगर निगम की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आज भीषण गर्मी के बीच जमीनी स्तर पर सक्रियता देखने को मिली। महापौर जीवर्धन चौहान के नेतृत्व में पार्षदों की टीम ने संजय कॉम्प्लेक्स में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता परखते हुए आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान टीम ने संजय कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में जलभराव की मुख्य वजह बनी नाली का भी जायजा लिया। महापौर निधि से 25 लाख रुपये की लागत से यहां बड़ी व चौड़ी नाली का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बरसात में जल निकासी सुचारू बनी रहे और वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। बताया गया कि यह कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्णता की ओर है और सभी तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
42 डिग्री में पैदल निरीक्षण, सख्त संदेश
चिलचिलाती धूप और करीब 42 डिग्री तापमान के बीच जीवर्धन चौहान अपने एमआईसी मेम्बर्स, पार्षदों एवं निगम अधिकारियों-ठेकेदारों के साथ नगर निगम कार्यालय से पैदल ही निरीक्षण के लिए निकले। इस बीच उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुविधा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी समय मौके पर पहुंचना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा वित्तमंत्री ओमप्रकाश चौधरी की रायगढ़ के प्रति विकास की सोच को धरातल पर उतारना उनका नैतिक दायित्व है।
न दिन देखेंगे, न रात – महापौर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने दो टूक कहा कि जब तक वे इस पद पर हैं, तब तक बिना समय देखे लगातार कार्य करते रहेंगे। शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम द्वारा जल निकासी, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहने के संकेत दिए गए हैं। इस दौरान एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ प्रसाद,पार्षद संदीप सिंह क्षत्रिय, पार्षद कुंदन चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ज्ञानेश्वर सिंह गौतम, महामंत्री अभिलाष कछवाहा, गोलू यादव, व्यापारी गोपी सिंह एवं निगम अधिकारी सूरज देवांगन, मुन्ना ओझा ठेकेदार उपस्थित रहें।








